शराब पीने के लिए मांगे थे 500 रुपए
पुलिस के अनुसार घटना 17 अगस्त 2026 की है। सिंधी कैंप निवासी अनमोल खटीक बकरा मार्केट के पास मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान मयंक भौरेल उर्फ काला उसके पास पहुंचा और शराब पीने के लिए 500 रुपए की मांग करने लगा।
अनमोल ने रुपए देने से इनकार किया तो आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर मयंक ने धारदार चाकू से उस पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तारी पर घोषित था 3 हजार का इनाम
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर हनुमानताल पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 3 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि मयंक भानतलैया इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की और आरोपी को उसके ठिकाने से पकड़ लिया।
निशानदेही पर बटनदार चाकू बरामद
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का धारदार बटनदार चाकू भी बरामद करने का दावा किया है।
चाकू की बरामदगी के बाद पुलिस ने प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25 भी बढ़ा दी है। आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हनुमानताल-बेलबाग में पहले से दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार मयंक भौरेल उर्फ काला के खिलाफ हनुमानताल और बेलबाग थानों में जुआ एक्ट सहित कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के पुराने रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है।
