जबलपुर। संजीवनी नगर थाना पुलिस ने अवैध शराब के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शिव बारात भवन के पास एक मकान पर दबिश दी। पुलिस का दावा है कि मौके से कुल 65 लीटर 880 मिलीलीटर देशी और अंग्रेजी शराब, एक मोबाइल फोन तथा 800 रुपए नकद जब्त किए गए हैं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 29 सितंबर 2026 को उप निरीक्षक किशोर बागडी स्टाफ के साथ क्षेत्र भ्रमण पर थे। गुलौआ चौक पर मुखबिर से सूचना मिली कि गौरे लाल का बाड़ा, शिव बारात भवन के पास रहने वाला अभिषेक वर्मन उर्फ बट्टू, पिता स्व. मुन्ना लाल वर्मन, अपने घर में बिक्री के लिए बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखे हुए है।
सूचना के बाद पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों के साथ बताए गए स्थान पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान एक युवक घर से निकलकर भागने लगा। मौजूद लोगों ने उसकी पहचान बट्टू उर्फ अभिषेक वर्मन के रूप में की।
पुलिस टीम ने उसका पीछा किया, लेकिन वह घनी बस्ती और संकरी गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने मकान की तलाशी ली।
पेटियों और कार्टूनों में मिली शराब
पुलिस के मुताबिक मकान के अंदर खाकी पेटियों और कार्टूनों में छिपाकर शराब रखी गई थी। तलाशी में—
8 PM Special 750 ML की 12 बोतलें,
देशी मदिरा प्लेन के 50 पाव,
देशी मसाला लाल के 245 पाव,
8 PM Special 180 ML के 21 पाव
बरामद किए गए।
इनकी कुल मात्रा 65 लीटर 880 मिलीलीटर बताई गई है। इसके अलावा एक नीले रंग का Vivo स्मार्टफोन और 10 तथा 20 रुपए के नोटों में कुल 800 रुपए नकद भी जब्त किए गए।ई-साक्ष्य ऐप से की गई वीडियोग्राफी
पुलिस के अनुसार पूरी तलाशी और जब्ती प्रक्रिया की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी e-Sakshya App के माध्यम से की गई। कार्रवाई के दौरान जब्त सामग्री को सीलबंद कर थाने के मालखाने में जमा कराया गया है।
फरार आरोपी अभिषेक उर्फ बट्टू वर्मन के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस टीम की भूमिका
कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक बी.डी. द्विवेदी के मार्गदर्शन में की गई। टीम में उप निरीक्षक किशोर बागडी, प्रधान आरक्षक संतोष पटेल, आरक्षक आकाश पांडे, अनुज सेंगर और महिला आरक्षक केगेश्वरी धुर्वे शामिल रहे।
