हिंगोली, महाराष्ट्र। इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन की 18वीं वर्षगांठ हिंगोली में पत्रकारों की एकजुटता, उत्साह और संघर्ष के संकल्प के साथ मनाई गई। संगठन के पदाधिकारियों, पत्रकारों और अतिथियों ने केक काटकर एसोसिएशन की 18 वर्षों की संघर्षपूर्ण एवं गौरवशाली यात्रा का उत्सव मनाया। इस अवसर पर पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, स्वाभिमान, अधिकार और स्वतंत्रता से जुड़े मुद्दों को और मजबूती से उठाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन कार्डियोलॉजिस्ट एवं समाजसेवी डॉ. अमोल धूमल ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार संजय पाटोले उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डॉ. हरीश रणबावळे, विष्णु हनवते, प्रो. यू.एच. बलखंडे, सयाजीराव ठोके तथा विशिष्ट अतिथि प्रदेश संगठन सचिव सैय्यद अनवर कादरी सहित अनेक पत्रकार और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
डॉ. निलावर बोले—18 वर्षों की यात्रा संघर्ष और प्रतिबद्धता की मिसाल
इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन के मुख्य मार्गदर्शक, सेवानिवृत्त दूरदर्शन एवं आकाशवाणी संवाददाता तथा राष्ट्रीय संरक्षक डॉ. विजय कुमार निलावर ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना है और लोकतंत्र में उसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार अपनी कलम और कैमरे के माध्यम से समाज की समस्याओं, भ्रष्टाचार, अन्याय, शोषण और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को शासन-प्रशासन और जनता के सामने लाता है।
डॉ. निलावर ने कहा कि इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने पिछले 18 वर्षों में पत्रकारों के हित और अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया है। संगठन का उद्देश्य केवल सदस्य संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि पत्रकारों की समस्याओं को मजबूती से उठाकर उनके सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करना है।
संस्थापक सेराज अहमद कुरैशी के योगदान को सराहा
डॉ. निलावर ने एसोसिएशन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सेराज अहमद कुरैशी के प्रयासों और संगठन के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि संगठन की 18 वर्षों की यात्रा निरंतर संघर्ष, संगठन निर्माण और पत्रकार हितों के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है।
‘पत्रकार समाज का जागरूक प्रहरी’
उद्घाटनकर्ता डॉ. अमोल धूमल ने कहा कि पत्रकार समाज का जागरूक प्रहरी है। लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
वरिष्ठ पत्रकार संजय पाटोले ने कहा कि पत्रकार अपनी रिपोर्टिंग के माध्यम से जनता और शासन के बीच सेतु का कार्य करता है। पत्रकारों की एकता जितनी मजबूत होगी, उनकी आवाज उतनी ही प्रभावशाली होगी। उन्होंने पत्रकारों से अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संगठित होकर प्रयास करने का आह्वान किया।
गांव से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक मजबूत हो संगठन की आवाज
प्रदेश संगठन सचिव मराठवाड़ा सैय्यद अनवर कादरी ने पत्रकारों को 18वीं वर्षगांठ की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकार जनता की समस्याओं को सामने लाने के साथ सरकार की योजनाओं और नीतियों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाते हैं।
कार्यक्रम संयोजक एवं प्रदेश सचिव मराठवाड़ा अनिल खडसे ने संगठनात्मक एकता और अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि मजबूत संगठन केवल पदाधिकारियों से नहीं बनता, बल्कि प्रत्येक सदस्य की सक्रिय भागीदारी से मजबूत होता है। पत्रकार हित से जुड़े कार्यक्रमों, अभियानों और आंदोलनों में सभी सदस्यों को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने संगठन की आवाज को गांव, तहसील, जिला, प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
‘पत्रकारों के सम्मान और सुरक्षा से समझौता नहीं’
हिंगोली जिला अध्यक्ष एवं अन्ना भाऊ साठे पुरस्कार विजेता देविदास खरात ने कहा कि संगठन की 18वीं वर्षगांठ हिंगोली के पत्रकारों के लिए गौरव का अवसर है। पत्रकार समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान देते हैं और उनके सम्मान एवं सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश सचिव मराठवाड़ा अनिल खडसे ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष देविदास खरात ने किया।
नए पदाधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय संरक्षक डॉ. विजय कुमार निलावर ने संगठन में शामिल नए पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। हरिभाऊ रनबावले को जिला संगठन सचिव और शरद धवसे को जिला काउंसिल सदस्य की जिम्मेदारी दी गई।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के उद्देश्यों, अनुशासन और पत्रकार हितों के प्रति पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
पत्रकारों ने एकजुट होकर लिया संघर्ष का संकल्प
समापन अवसर पर उपस्थित पत्रकारों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, स्वाभिमान और अधिकारों के लिए हर संभव स्तर पर आवाज उठाई जाएगी। संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सेराज अहमद कुरैशी के नेतृत्व में पत्रकार हितों के लिए संघर्ष जारी रखने और इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन को अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावशाली बनाने का संकल्प भी दोहराया गया।
कार्यक्रम में अनिल खडसे, देविदास खरात, अश्रूजी घाणघावं, प्रकाश राउत, जितेंद्र हनावते, सुदाम गवली, हरिभाऊ, बबन दखोरे, अनीस अहमद, रमेश पंडित, राजेन्द्र हलवाई, जोशी, अरुण दीपके सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

