जबलपुर। शहर के कई इलाकों में 1 अक्टूबर 2026 को शाम की जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। कार्यपालन यंत्री जल कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा संधारण कार्य किए जाने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी, जिसका असर 120 एमएलडी रमनगरा जल शोधन संयंत्र से होने वाली सायंकालीन जलापूर्ति पर पड़ेगा।
नगर निगम के अनुसार रमनगरा जल शोधन संयंत्र से भरी जाने वाली कई उच्चस्तरीय टंकियों से जलापूर्ति प्रभावित होगी।
इन क्षेत्रों में पड़ेगा असर
रमनगरा संयंत्र से जुड़ी बिडला धर्मशाला, मेडिकल, त्रिपुरी, गुलौआ, राइट टाउन, रामेश्वरम, मनमोहन नगर, लक्ष्मीपुर, कोतवाली, मोतीनाला, आनंद नगर, लेमा गार्डन, सर्वोदय नगर, मदर टैरेसा, बेदी नगर, मिल्क स्कीम, किलकारी गार्डन, न्यू शोभापुर निर्मलचंद जैन वार्ड और राजीव नगर बाबा की कुटिया स्थित टंकियों से होने वाली जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।
इसी तरह अमृत योजना के अंतर्गत कोंगवा, करमेता, शिवनगर, अमखेरा, रवीन्द्र नगर, सुहागी, खैरी और देवताल की उच्चस्तरीय टंकियों से मिलने वाला पानी भी प्रभावित होगा।
टैंकरों से की जाएगी जलापूर्ति
नगर निगम ने बताया है कि प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार टैंकरों के माध्यम से वैकल्पिक जलापूर्ति की जाएगी। विद्युत संधारण कार्य पूरा होने के बाद जलापूर्ति को सामान्य रूप से बहाल कर दिया जाएगा।
नगर निगम ने नागरिकों से असुविधा से बचने के लिए आवश्यक पानी का पहले से संग्रह करने की अपील की है।
