जबलपुर। बड़ी ओमती से छोटी ओमती जाने वाले मार्ग पर देर रात पुरानी रंजिश को लेकर चाकूबाजी की घटना सामने आई है। आरोप है कि घमापुर स्थित अपने घर जा रहे राम रैकवार को रास्ते में घेरकर मारपीट की गई और चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में राम की पीठ और पेट में चोटें आई हैं। उसे उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना बीती रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक राम रैकवार अपने एक साथी के साथ घमापुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान चंडालभाटा निवासी सूर्या मलिक अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा।
पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुआ विवाद
शिकायत के अनुसार सूर्या मलिक और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश को लेकर राम से विवाद शुरू कर दिया। कहासुनी बढ़ने के बाद मारपीट हुई और इसी दौरान राम पर चाकू से हमला करने का आरोप है।
चाकू लगने से राम की पीठ और पेट में चोट आई। घटना के बाद उसे तत्काल विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
आरोपी और साथियों की तलाश में दबिश
पीड़ित की शिकायत पर ओमती पुलिस ने सूर्या मलिक और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
थाना पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सूर्या मलिक के खिलाफ गोलबाजार थाने में पहले से भी आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस उसके पुराने रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है।
