जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में कर्मचारियों की 36 सूत्रीय मांगों के निराकरण को लेकर चल रहा क्रमिक अनशन मंगलवार को छठवें दिन भी जारी रहा। लगातार छह दिनों से चल रहे आंदोलन के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अनशन समाप्त कराने अथवा कर्मचारियों की मांगों पर सार्थक वार्ता की दिशा में अब तक कोई पहल नहीं किए जाने से कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। वहीं, आंदोलन को आज अधिवक्ताओं एवं छात्रों का भी समर्थन मिला।
छठवें दिन कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष बैसाखू को कर्मचारी संघ अध्यक्ष संजय यादव ने तिलक लगाकर क्रमिक अनशन पर बैठाया।
कर्मचारी संघ अध्यक्ष संजय यादव, रामसजीवन सोंधिया, अंकित सेन ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि विगत ढाई वर्षों से विश्वविद्यालय में कोई भी उल्लेखनीय कार्य दिखाई नहीं दे रहा है। विश्वविद्यालय निरंतर पिछड़ता जा रहा है, लेकिन प्रशासन कर्मचारियों की जायज मांगों के समाधान के बजाय आंदोलन को नजरअंदाज करने का रवैया अपना रहा है।
उन्होंने कहा कि छह दिन से कर्मचारी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर अनशन कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से आंदोलन समाप्त कराने के लिए अभी तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
कर्मचारी संघ ने स्पष्ट किया कि 36 सूत्रीय मांगों के निराकरण की दिशा में ठोस पहल होने तक क्रमिक अनशन जारी रहेगा। प्रशासन के आगामी रुख के आधार पर आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी।
