जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में देर रात चाय पीने पहुंचे दो स्कूली छात्रों पर दो बदमाशों ने शराब के लिए रुपये नहीं देने पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले गाली-गलौज और मारपीट की, फिर धारदार हथियार एवं पत्थर से हमला कर दोनों छात्रों को घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
एक हजार रुपये मांगने पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, हिमांशु कुचबंधिया (17) निवासी कुचबंधिया मोहल्ला, तेल मिल घमापुर, मॉडल हाई स्कूल में कक्षा 12वीं का छात्र है। बुधवार देर रात करीब 11 बजे वह अपने मित्र सौर्यजीत कुचबंधिया के साथ व्हीकल मोड़ स्थित पनेहरा पेट्रोल पंप के सामने चाय पीने पहुंचा था।
इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और दोनों छात्रों से गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए एक हजार रुपये की मांग करने लगे। छात्रों द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी।
धारदार हथियार और पत्थर से किया हमला
विवाद बढ़ने पर एक आरोपी ने हिमांशु पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई और वह मौके पर गिर पड़ा। दोस्त को बचाने पहुंचे सौर्यजीत पर भी आरोपियों ने पत्थर से हमला कर उसे घायल कर दिया।
घटना देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद दोनों बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए बाइक से फरार हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
स्थानीय लोगों की सूचना पर रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल भेजा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है तथा उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
