सफर के मेले में उमड़ा जायरीन का हुजूम
जबलपुर। मदन महल पहाड़ी स्थित हजरत पीराने पीर की दरगाह शरीफ में बुधवार को सफर के मेले का आयोजन अकीदत और एहतराम के साथ किया गया। मेले में बड़ी संख्या में जायरीन ने दरगाह पहुंचकर हाजिरी दी और चादर व फूल पेश कर नजरो-नियाज अदा की।
इस अवसर पर जलसागाह में मुतवल्ली सैय्यद कादिर अली कादरी की सदारत में आयोजित जलसे में सज्जादानशीन मुबारक अली कादरी ने कहा कि मदन महल दरगाह सदियों से लोगों की अकीदत का मरकज रही है। यहां सभी धर्मों और वर्गों के लोग श्रद्धा के साथ पहुंचते हैं। दरगाह हमेशा लोगों को जोड़ने, दिलों में मोहब्बत पैदा करने और इंसानियत व भाईचारे का पैगाम देने का काम करती रही है।
सज्जादानशीन बासित अली ने नात शरीफ व मनकबत पेश की। सज्जादानशीन निजाम कादरी, आफताब अली कादरी याकूब अली शाह, मंसूर अली, इदरीस अली,अब्बू बाबा कादरी, अफजल कादरी भूरा ने जायरीन का इस्तकबाल किया।सज्जादानशीन मुहम्मद अली, असगर अली, शराफत अली, आबिद अली, जलील शाह, हारुन अली, सलामत अली, जवाहर कादरी ने तबर्रुक तकसीम किया। संचालन खलीफा इनायत कादरी ने किया।
सायं मगरिब की नमाज के बाद सलातो-सलाम पेश किया गया। इसके बाद देश-प्रदेश में अमन, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए दुआ की गई। इस मौके पर विशेष रूप से मुख्तार नादिर, असलम बाबा, शाकिर जिलानी, सलमान बाबा, बाबू बाबा मौजूद रहे! अंत में खलीफा सज्जादानशीन इनायत कादरी ने मेले में शिरकत किये सभी ज़ायरीन का शुक्रिया अदा किया!
सफर के मेले के अवसर पर मदार छल्ला, कचहरी वाले बाबा की दरगाह, आगा चौक दरगाह, ईदगाह रानीताल, सुब्हान बाग, सुब्बाशाह मैदान, गाजी मियां की दरगाह और मशीन वाले बाबा की दरगाह सहित शहर के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भी बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचे।
