फेडरेशन
जबलपुर। गत दिवस भोपाल में मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) के प्रबंध निदेशक चंद्रमौली शुक्ला से फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्री के अध्यक्ष हिमांशु खरे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की तथा प्रदेश में औद्योगिक क्षेत्रों एवं उद्यमियों से जुड़े अनेकों मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में एमपीआईडीसी के कार्यकारी निदेशक श्री विशाल चौहान भी उपस्थित रहे तथा प्रतिनिधिमंडल के साथ औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
फेडरेशन के अध्यक्ष श्री हिमांशु खरे ने कहा कि प्रदेश का उद्योग एवं व्यापार जगत शासन से सरल, स्पष्ट और व्यावहारिक नियम एवं प्रक्रियाएं चाहता है। नियमों का सरलीकरण होने से उद्यमी अपना अधिक समय उत्पादन, निवेश, रोजगार सृजन, नवाचार एवं बाजार विस्तार में लगा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि आज प्रतिस्पर्धा का दौर है। प्रदेश के उद्योगों को देश के अन्य राज्यों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी प्रतिस्पर्धा करना है। इसके लिए कम से कम प्रक्रियात्मक बाधाएं, त्वरित अनुमतियां और बेहतर कारोबारी वातावरण अत्यंत आवश्यक हैं। फेडरेशन इसी उद्देश्य से शासन और उद्योग जगत के बीच निरंतर संवाद का माध्यम बनकर कार्य कर रहा है। फेडरेशन के
प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष जयदेव ताम्रकार, सी. बी. मालपानी, अशोक आनंद, राजीव जैन, सचिव प्रवीण आचार्य, सहसचिव डॉ. सुरेंद्र सिंह एवं राजेश हिरवे उपस्थित थे।
