जबलपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत सोमवार, 11 अगस्त 2026 को थाना जीआरपी जबलपुर के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने रेलवे स्टेशन जबलपुर पर तिरंगा मार्च निकाला।
जीआरपी के अधिकारी-कर्मचारी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म एवं मुसाफिरखाना क्षेत्र में पैदल मार्च करते हुए पहुंचे। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों के साथ ही टीटीई, कुली, वेंडर और ऑटो चालकों ने भी उत्साहपूर्वक तिरंगा मार्च में सहभागिता की।
मार्च के दौरान उपस्थित यात्रियों एवं आमजन को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक किया गया। लोगों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान एवं गरिमा के साथ लगाने की अपील की गई।
जीआरपी द्वारा आयोजित इस तिरंगा मार्च में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का माहौल देखने को मिला। रेलवे स्टेशन पर मौजूद लोगों ने भी अभियान के प्रति उत्साह दिखाते हुए तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
