देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

धार में भीषण सड़क हादसा: रॉन्ग साइड से आए ट्रॉले ने ईको वैन को मारी टक्कर, 6 युवकों की मौत

 



धार। धार-उज्जैन फोरलेन पर ग्राम पंचकवासा के पास रविवार दोपहर करीब 1 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में गुजरात के वडोदरा निवासी छह युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। सभी युवक मारुति ईको वैन (GJ 17 CK 6134) से उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन कर गुजरात लौट रहे थे। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रॉन्ग साइड से आ रहा था ट्रॉला

जानकारी के अनुसार, लोहे के सामान से भरा ट्रॉला (GJ 39 DB 9248) बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर रॉन्ग साइड से उज्जैन की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही ईको वैन से उसकी जोरदार आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में वैन में सवार छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रॉला चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

ग्रामीणों की मदद से निकाले गए शव और घायल

हादसे की सूचना मिलते ही बदनावर टीआई अमित सिंह कुशवाह, तहसीलदार सुरेश नागर और एसडीएम प्रियंका मिमरोद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से ईको वैन के शीशे तोड़कर काफी मशक्कत के बाद मृतकों के शव और घायल युवक को बाहर निकाला गया।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल बदनावर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं, छह मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए बदनावर सिविल अस्पताल के शवगृह भेजा गया है।

पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रॉला चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times