जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम बेनीखेड़ा आगासौद में पैतृक जमीन को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। न्यायालय में जमीन संबंधी मामला विचाराधीन होने के बावजूद विवादित भूमि पर निर्माण कार्य किए जाने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे युवक के साथ मारपीट कर दी गई। हमले में युवक के सिर, हाथ, पैर, चेहरे और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बेनीखेड़ा आगासौद निवासी हर्षराज पांडे की पैतृक जमीन और मकान है। करीब 0.47 हेक्टेयर भूमि को शिवानी पांडे द्वारा जितेन्द्र लोधी को बेचे जाने को लेकर हर्षराज की दादी प्रेमबाई पांडे और परिवार के सदस्यों ने सिविल न्यायालय में प्रकरण दायर किया है। जमीन के स्वामित्व को लेकर विवाद न्यायालय में विचाराधीन बताया गया है।
बताया गया कि बीती रात करीब 11 बजे हर्षराज को सूचना मिली कि विवादित जमीन पर जितेन्द्र लोधी और साधूराम लोधी निर्माण कार्य कर रहे हैं। इसके बाद हर्षराज अपने साथी सौरभ राजपूत और आकाश गर्ग के साथ मौके पर पहुंचा। उसने निर्माण कार्य रोकने के लिए कहा और न्यायालय में मामला चलने की बात बताई।
आरोप है कि इसी बात को लेकर जितेन्द्र लोधी, उसके पिता साधूराम लोधी और मोनू पांडे ने हर्षराज के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान मोनू पांडे ने कथित रूप से लोहे के पाइप से हर्षराज के सिर पर हमला कर दिया। सिर पर चोट लगने से हर्षराज जमीन पर गिर गया, जिसके बाद भी उस पर कई वार किए जाने का आरोप है।
हमले में हर्षराज के सिर, हाथ, पैर, चेहरे और पीठ में चोटें आईं। घटना के दौरान उसके साथ मौजूद साथियों ने बीच-बचाव किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हर्षराज को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत को देखते हुए भर्ती किया गया।
पुलिस ने घायल की शिकायत और पूछताछ के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 109(1), 115(2), 296(बी), 351(3) और 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
