जबलपुर। होटल में लग्जरी कमरा देने से मना करने पर होटल मैनेजर पर जानलेवा हमला करने के मामले में लॉर्डगंज पुलिस ने फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, एक कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी संगठित अपराध से जुड़े कुख्यात बदमाश छोटू चौबे गैंग का सक्रिय सदस्य है।
पुलिस के मुताबिक, रानीताल गेट नंबर-1 निवासी शिवम अग्रवाल राइट टाउन स्थित अवलोकन इन होटल में मैनेजर है। उसने 28 जुलाई को लॉर्डगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे जगदीश अखाड़ा क्षेत्र का रहने वाला कुनाल पटेल होटल पहुंचा और लग्जरी कमरा मांगने लगा। होटल के सभी कमरे बुक होने और स्थानीय व्यक्ति को सिंगल रूम नहीं देने की बात कहने पर कुनाल ने मैनेजर पर दबाव बनाया।
आरोप है कि इस दौरान कुनाल ने खुद को छोटू चौबे गैंग का सदस्य बताते हुए मैनेजर को धमकी दी और वहां से चला गया।
बारिश से बचने खड़ा था मैनेजर, तभी पहुंचा आरोपी
अगली रात करीब 11:30 बजे शिवम ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। तेज बारिश होने पर वह रानीताल गेट नंबर-1 के पास दिनेश फर्नीचर के सामने फ्लाईओवर के नीचे रुक गया। वहां उसके मोहल्ले के कुछ लोग भी मौजूद थे।
इसी दौरान कुनाल पटेल अपने साथी शनि के साथ स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा। पुलिस के अनुसार कुनाल ने शिवम को देखते ही पिस्टल निकाली और होटल में कमरा नहीं देने की बात कहते हुए गाली-गलौज की। इसके बाद जान से मारने की नीयत से उस पर तीन बार फायर किया। हालांकि गोली लगने से शिवम बाल-बाल बच गया। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
शिकायत पर लॉर्डगंज पुलिस ने अपराध क्रमांक 555/26 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
5 हजार रुपये का इनाम घोषित
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली अखिलेश गौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लॉर्डगंज नवल आर्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। आरोपी के फरार रहने पर उसकी गिरफ्तारी के लिए 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। तकनीकी साक्ष्य जुटाने के साथ विश्वसनीय मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया।
रानीताल श्मशान घाट के पास से पकड़ा गया
10 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुनाल पटेल रानीताल श्मशान घाट के पास देखा गया है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कुनाल पटेल पिता रामप्रसाद पटेल, उम्र 25 वर्ष, निवासी जगदीश अखाड़ा क्षेत्र, थाना लॉर्डगंज को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, एक कारतूस और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।
छोटू चौबे से जुड़ाव की बात सामने आई
पुलिस की पूछताछ में कुनाल ने पिस्टल और कारतूस छोटू चौबे द्वारा अपराध करने के लिए दिए जाने की बात बताई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने छोटू चौबे के साथ मिलकर संगठित अपराध करने की बात भी स्वीकार की है।
पुलिस ने बताया कि कुनाल पटेल के खिलाफ अवैध वसूली, मारपीट, जुआ एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 6 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
वहीं, पुलिस के मुताबिक कुनाल का साथी छोटू चौबे उर्फ सुयश चौबे संगठित अपराधों से जुड़ा कुख्यात बदमाश है। उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए करीब दो माह पूर्व उसे राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध कराया गया था।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी लॉर्डगंज नवल आर्य के नेतृत्व में उप निरीक्षक लेखराम नादोनिया, सहायक उप निरीक्षक मनोज गोस्वामी, सहायक उप निरीक्षक पुष्पराज परस्ते, सहायक उप निरीक्षक राजेश वर्मा तथा आरक्षक पंकज सनोडिया, हुलेश परस्ते, शुभम पटेल और ऋषभ बर्मन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

.jpeg)