राहगीरों ने समझा नशे में हैं, लेकिन हार्ट अटैक ने ले ली भाजपा पार्षद की जान



छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा नगर निगम के भाजपा पार्षद एवं भाजपा अनुसूचित जाति (एससी) मोर्चा के जिलाध्यक्ष लोकेश डेहरिया (48) का बुधवार रात अचानक हार्ट अटैक आने से निधन हो गया। उनकी असामयिक मृत्यु से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। यह पूरी घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।

रोज की तरह टहलने निकले थे, अचानक बिगड़ी तबीयत

प्राप्त जानकारी के अनुसार लोकेश डेहरिया बुधवार रात करीब 10 बजे भोजन करने के बाद रोज की तरह टहलने के लिए घर से निकले थे। इस दौरान वे मोबाइल फोन पर बातचीत भी कर रहे थे। अचानक उन्हें सीने में तेज दर्द महसूस हुआ और कुछ ही क्षणों में वे सड़क पर गिर पड़े। सीसीटीवी फुटेज में वे चलते-चलते अचानक गिरते हुए दिखाई दे रहे हैं।

लोगों ने पहले नशे में समझा, देर से मिली मदद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद कुछ समय तक वहां से गुजरने वाले राहगीरों को उनकी हालत की गंभीरता का अंदाजा नहीं हुआ। कई लोगों ने उन्हें नशे की हालत में समझकर अनदेखा कर दिया। इसी बीच कॉलोनी निवासी गौरव चौधरी की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने स्थिति को गंभीर समझते हुए स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद लोकेश डेहरिया को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार प्रारंभिक तौर पर उनकी मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है।

भाजपा और शहर में शोक की लहर

लोकेश डेहरिया के निधन की खबर फैलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निवास पर संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। पार्टी नेताओं ने उनके निधन को संगठन और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की पुष्टि की है। वहीं, परिजनों और शुभचिंतकों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times