किछौछा शरीफ में 16-17 जुलाई को सजेगा आस्था का दरबार, अमीर-ए-मिल्लत, बाबा-ए-मिल्लत और सूफ़ी-ए-हिन्द का मरकज़ी उर्स पूरे धार्मिक उल्लास के साथ होगा आयोजित

 



परचम-कुशाई, जुलूस-ए-संदल, लंगर-ए-आम, ज़ियारत, महफ़िल-ए-नात और आख़िरी कुल सहित दो दिवसीय कार्यक्रम तय, देशभर से ज़ायरीन के पहुंचने की उम्मीद



अम्बेडकर नगर (उत्तर प्रदेश)। सूफ़ी परंपरा और आध्यात्मिक विरासत के प्रमुख केंद्र किछौछा शरीफ़ में इस वर्ष 16 एवं 17 जुलाई 2026 को मरकज़ी उर्स-ए-मुबारक पूरे धार्मिक श्रद्धा और अकीदत के साथ आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर 32वें उर्स-ए-हुज़ूर अमीर-ए-मिल्लत हज़रत सैयद शाह अमीर अशरफ़ अशरफ़ियुल जिलानी रहमतुल्लाहि अलैह, 12वें उर्स-ए-हुज़ूर बाबा-ए-मिल्लत हज़रत सैयद शाह तनवीर अशरफ़ अशरफ़ियुल जिलानी रहमतुल्लाहि अलैह तथा 6वें उर्स-ए-हुज़ूर सूफ़ी-ए-हिन्द हज़रत सैयद शाह गुल अख़्तर अशरफ़ अशरफ़ियुल जिलानी रहमतुल्लाहि अलैह की याद में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

यह दो दिवसीय उर्स 1 एवं 2 सफ़रुल मुज़फ़्फ़र 1448 हिजरी के अनुसार आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम हुज़ूर फ़ाज़िले बग़दाद हज़रत अल्लामा मौलाना सैयद हसन अस्करी अशरफ़ इब्ने अरबी अशरफ़ अशरफ़ियुल जिलानी की सरपरस्ती तथा हज़रत सूफ़ी फ़ारूक़ अशरफ़ी साहब की क़ियादत में संपन्न होगा।

16 जुलाई को होगी परचम-कुशाई से शुरुआत

उर्स का शुभारंभ 16 जुलाई (गुरुवार) को नमाज़-ए-असर के बाद परचम-कुशाई एवं तराना के साथ होगा। इसके बाद नमाज़-ए-मग़रिब के बाद हल्क़ा-ए-ज़िक्र आयोजित किया जाएगा। वहीं नमाज़-ए-इशा के बाद आस्ताना आलिया के सहन में महफ़िल-ए-नात, मनक़बत, वाज़ व इरशाद का आयोजन होगा, जिसमें देशभर से आए उलेमा और नातख़्वां शरीक होंगे।

17 जुलाई को निकलेगा जुलूस-ए-संदल, होगा लंगर-ए-आम

17 जुलाई (शुक्रवार) को नमाज़-ए-फ़ज्र के बाद क़ुरआन-ख़्वानी होगी। सुबह 10 बजे जुलूस-ए-संदल व चादर ख़ानक़ाह-ए-हुज़ूर अमीर-ए-मिल्लत से रवाना होकर किछौछा मुक़द्दसा के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए आस्ताना आलिया पहुंचेगा।

दोपहर 12 बजे लंगर-ए-आम का आयोजन होगा, जिसमें सभी ज़ायरीन और श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था रहेगी। नमाज़-ए-असर के बाद ज़ियारत-ए-मू-ए-मुबारक एवं अन्य तबर्रुकात की ज़ियारत कराई जाएगी। वहीं रात 10:20 बजे आख़िरी कुल के बाद महफ़िल-ए-सिमा के साथ उर्स का समापन होगा।

देशभर से पहुंचेंगे अकीदतमंद

उर्स कमेटी ने देशभर के मुरीदीन, मुतअक़िदीन, मुहिब्बीन, मेहमानों एवं ज़ायरीन से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर उर्स की रूहानी महफ़िलों का हिस्सा बनने की अपील की है। कमेटी ने सभी आगंतुकों के स्वागत और सुविधाओं के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

यह मरकज़ी उर्स आस्ताना आलिया अमीर-ए-मिल्लत, अमीरगंज, किछौछा शरीफ़, जनपद अम्बेडकर नगर (उत्तर प्रदेश) में आयोजित होगा, जहां दो दिनों तक इबादत, ज़िक्र, नात, लंगर और रूहानी महफ़िलों का सिलसिला जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times