जबलपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने गुरुवार को विशेष जांच अभियान चलाते हुए स्कूल वैन और बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान केंद्रीय विद्यालय और सेंट एलॉयसियस स्कूल से संचालित वाहनों की गहन जांच की गई। जांच में कई स्कूल वैन सुप्रीम कोर्ट की सुरक्षा गाइडलाइन और मोटरयान अधिनियम के निर्धारित मानकों का पालन करती नहीं मिलीं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) अखिलेश तिवारी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है। निरीक्षण के दौरान कई स्कूल वैन में आवश्यक सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाई गई, जिसके चलते संबंधित वाहनों को जब्त कर सिविल लाइन थाने में खड़ा कराया गया।
40 स्कूल वैन पर कार्रवाई, ₹70 हजार का जुर्माना
विशेष अभियान के दौरान करीब 40 स्कूल वैन के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। सभी वाहनों पर मिलाकर 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने वाहन संचालकों को भविष्य में सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने की सख्त हिदायत भी दी।
सुरक्षा नियमों से समझौता नहीं
यातायात पुलिस का कहना है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जो भी स्कूल वाहन निर्धारित मानकों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस विशेष अभियान में निरीक्षक इंद्रा ठाकुर, रक्षित निरीक्षक मनीष प्यासी, वीरेंद्र आरक तथा सूबेदार राहुल सिंह सहित यातायात पुलिस का अमला मौजूद रहा।
