मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद चुनाव: 34,920 मतों की गिनती पूरी, राकेश सिंह भदौरिया समेत कई प्रत्याशी बढ़त पर

 


महिला अधिवक्ताओं की दमदार भागीदारी, प्रतीका पाठक और प्रतिभा वालिया सहित पांच महिला प्रत्याशी आगे; अभी करीब 27 हजार मतों की गिनती बाकी



जबलपुर। मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद निर्वाचन-2026 की मतगणना लगातार पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से जारी है। शुक्रवार को जारी प्रेस नोट के अनुसार जिला जबलपुर मुख्यालय एवं सभी तहसीलों की मतपेटियों की मतगणना सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली गई है। निर्वाचन प्रक्रिया सभी प्रत्याशियों एवं उनके अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराई जा रही है, जिससे पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो रही है।

निर्वाचन अधिकारी एवं हाई पावर्ड इलेक्शन कमेटी के रिटर्निंग ऑफिसर न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) सुशील कुमार पालो ने बताया कि वर्तमान मतगणना चरण में राकेश सिंह भदौरिया, आर.के. सिंह सैनी, विवेक सिंह, नरेंद्र कुमार जैन और हितोषी जय हार्डिया बढ़त बनाए हुए हैं।

महिला प्रत्याशियों ने भी दिखाई मजबूत उपस्थिति

इस चुनाव की खास बात महिला अधिवक्ताओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही। वर्तमान मतगणना चरण में प्रतीका पाठक, प्रतिभा वालिया, अन्नू पटेल, प्रीति राजेंद्र तिवारी और रश्मि ऋतु जैन बढ़त पर चल रही हैं। परिषद ने इसे अधिवक्ता समाज में महिला नेतृत्व के लगातार मजबूत होने का सकारात्मक संकेत बताया है।

16 जून से जारी है मतगणना

प्रेस नोट के अनुसार मतगणना कार्य 16 जून 2026 से लगातार जारी है। प्रत्येक चरण की गिनती का सीधा प्रसारण परिषद के यूट्यूब चैनल पर किया जा रहा है, जबकि अद्यतन जानकारी परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर भी नियमित रूप से उपलब्ध कराई जा रही है।

अब तक 34,920 मतों की हुई गिनती

मतगणना के ताजा आंकड़ों के अनुसार अब तक 34,920 मतों की गिनती पूरी हो चुकी है। इनमें से 33,654 मतपत्र वैध पाए गए, जबकि 1,266 मतपत्र नियमों के विपरीत होने के कारण निरस्त कर दिए गए। चुनाव में कुल लगभग 62,000 मत पड़े थे, जिनमें से अभी तक आधे से अधिक मतों की गिनती पूरी हो चुकी है, जबकि करीब 27,000 मतों की गिनती अभी शेष है।

मतगणना में अधिकारियों की रही अहम भूमिका

मतगणना प्रक्रिया को सुचारु एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने में असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर जी.एस. बघेल, दीपक अवस्थी तथा हाई पावर्ड इलेक्शन कमेटी के सचिव प्रशांत दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। परिषद ने उनके कार्य की सराहना की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times