जबलपुर। जिले के चरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम सूखा में एक किसान के घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने के जेवर और 75 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया, जब पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सूखा निवासी घनश्याम यादव, जो पेशे से किसान हैं, मंगलवार रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए थे। देर रात अज्ञात बदमाश घर के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर दाखिल हुए और कमरे में रखी आलमारी का लॉकर तोड़ दिया।
चोर लॉकर में रखे लाखों रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और 75 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। वारदात की भनक परिवार को तब लगी, जब बुधवार सुबह करीब 6 बजे घनश्याम यादव की नींद खुली। कमरे में पहुंचने पर उन्होंने देखा कि आलमारी का लॉकर टूटा हुआ है और पूरा सामान बिखरा पड़ा है। नकदी और जेवर गायब मिलने पर उन्होंने तत्काल बेटे अजय और बहू को घटना की जानकारी दी।
गांव में मची सनसनी, लोगों ने जताया आक्रोश
चोरी की खबर कुछ ही देर में पूरे गांव में फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस ने शुरू की जांच, संदिग्धों से पूछताछ जारी
सूचना मिलते ही चरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
