जबलपुर। यदि आप मंगलवार 14 जुलाई की शाम नगर निगम की जलापूर्ति पर निर्भर हैं, तो पहले से तैयारी कर लें। नर्मदा जल प्रदाय योजना के तहत 120 एमएलडी रमनगरा जलशोधन संयंत्र में आवश्यक संधारण कार्य किए जाने के कारण शहर के कई क्षेत्रों में सायंकालीन जलापूर्ति पूरी तरह प्रभावित रहेगी।
नगर निगम के अधीक्षण यंत्री एवं जल विभाग प्रमुख कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि संयंत्र में होने वाले तकनीकी रखरखाव के चलते यहां से भरी जाने वाली कई जल टंकियों से पानी की सप्लाई अस्थायी रूप से बंद रहेगी।
इन क्षेत्रों में नहीं पहुंचेगा नल का पानी
प्रभावित टंकियों में बिड़ला धर्मशाला, मेडिकल, त्रिपुरी, गुलौआ, राइट टाउन, रामेश्वरम, मनमोहन नगर, लक्ष्मीपुर, कोतवाली, मोतीनाला, आनंद नगर, लेमा गार्डन, सर्वोदय नगर, मदर टेरेसा, बेदी नगर, मिल्क स्कीम, किलकारी गार्डन, न्यू शोभापुर और राजीव नगर शामिल हैं।
इसके अलावा अमृत योजना के अंतर्गत कोंगवा, करमेता, शिवनगर अमखेरा, रविन्द्र नगर, सुहागी, खैरी तथा देवताल की उच्चस्तरीय जल टंकियों से भी जलापूर्ति बाधित रहेगी।
टैंकरों से होगी वैकल्पिक व्यवस्था
नगर निगम ने प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों को राहत देने के लिए टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने की बात कही है। नागरिक आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर टैंकर सुविधा का लाभ ले सकते हैं।
निगम ने जताया खेद
नगर निगम ने बताया कि यह कार्य नर्मदा जल प्रदाय व्यवस्था को अधिक सुचारु और बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस कारण होने वाली असुविधा पर महापौर जगत बहादुर सिंह "अन्नू", जल प्रभारी एमआईसी सदस्य दामोदर सोनी तथा निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए खेद व्यक्त किया है।
नागरिकों से अपील: नगर निगम ने लोगों से अनुरोध किया है कि जलापूर्ति प्रभावित रहने की अवधि को देखते हुए आवश्यकतानुसार पहले से पानी का संग्रह कर लें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
