लार्डगंज थाना क्षेत्र के बल्देवबाग चौक पर चेकिंग के दौरान हुआ हंगामा, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

 


जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के लार्डगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर हाईप्रोफाइल ड्रामा देखने को मिला। पुलिस के विशेष चेकिंग अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बाइक को रोकने पर एक युवक पुलिसकर्मियों से उलझ गया। विवाद इतना बढ़ गया कि बीच सड़क पर जमकर नोकझोंक और गाली-गलौज की स्थिति बन गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी युवक को पकड़कर पुलिस वाहन में बैठाते नजर आ रहे हैं।

SP के निर्देश पर चल रहा था विशेष अभियान

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहरभर में देर रात संदिग्ध वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में लार्डगंज थाना पुलिस बल्देवबाग चौक पर वाहनों की जांच कर रही थी। तभी तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर से लैस एक बाइक को रोककर जांच की गई।

पुलिस ने बाइक चालक की पहचान भावेश रजक (18) निवासी संगम कॉलोनी के रूप में की है।

साइलेंसर हटाने की बात पर भड़का युवक

थाना प्रभारी नवल आर्य के अनुसार पुलिस ने युवक को मॉडिफाइड साइलेंसर हटाने और नियमों का पालन करने के लिए कहा, लेकिन वह पुलिस से ही बहस करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मुख्य चौराहे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

TI को दी चुनौती, बढ़ा विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, युवक ने थाना प्रभारी से अभद्र व्यवहार करते हुए कथित तौर पर कहा, "तू जानता नहीं है मुझे, मैं कौन हूं और मेरा बैकग्राउंड क्या है।" इसके बाद पुलिस ने उसे काबू में लेकर लार्डगंज थाने पहुंचाया।

बाइक से आ रही थी पटाखों जैसी आवाज

थाने में बाइक की जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज धमाकेदार आवाज निकल रही थी, जो निर्धारित मानकों के विपरीत थी। इसके बाद युवक के परिजनों को थाने बुलाया गया।

पिता ने दिखाई राजनीतिक पहचान, फिर माना बेटे की गलती

पुलिस के अनुसार युवक के पिता थाने पहुंचे और शुरुआत में स्वयं को एक बड़े राजनीतिक दल का सक्रिय कार्यकर्ता बताते हुए अपना परिचय दिया। हालांकि, पुलिस द्वारा पूरी घटना की जानकारी देने के बाद उन्होंने भी बेटे की गलती स्वीकार की।

₹5500 का चालान, अभियान रहेगा जारी

लार्डगंज पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमों का उल्लंघन करने पर युवक के खिलाफ ₹5500 का चालान किया। पुलिस का कहना है कि शहर में मॉडिफाइड साइलेंसर, तेज रफ्तार और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times