जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में कार हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। तीन युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को तत्काल उपचार के लिए बड़ेरिया मेट्रो प्राइम मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार करोंदी, रांझी निवासी विवेक यादव (28) ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह दवा बाजार में एक निजी संस्था में कार्यरत है। ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने मित्र ओम वर्मा और बृज यादव के साथ ओम वर्मा की किया करेंस कार से रांझी आया था।
बताया गया कि रात करीब 12:30 बजे तीनों विजय नगर एक्सटेंशन कॉलोनी स्थित गांधी स्वीट्स के पास, गुरुनानक मेडिकल स्टोर के सामने मुख्य मार्ग पर कार खड़ी कर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान व्हीकल मोड़ मेमोरी तिराहा की ओर से कथित रूप से रॉन्ग साइड से मोटरसाइकिल पर आए नीरज कुशवाह अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचे और कार हटाने की बात को लेकर विवाद करने लगे।
शिकायतकर्ता विवेक यादव के अनुसार जब उसने कहा कि वे लोग वहां से निकल ही रहे हैं, तभी आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर नीरज कुशवाह ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी पसली और कमर में गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद तीनों आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर रांझी थाना पुलिस ने घायल की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी), 109(1) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
