जबलपुर। कुंडम थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में 49 वर्षीय जगदीश प्रसाद गौड़ की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पड़ोसी परिवारों के बीच हुए विवाद के बाद रंजिश बढ़ी और इसी के चलते अग्नेयू विश्वकर्मा ने अपने दोस्त परीवा बैगा के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
पुलिस का कहना है कि 30 सितंबर की रात करीब 1 बजे दोनों आरोपी कुल्हाड़ी लेकर जगदीश के घर पहुंचे। आरोप है कि घर में घुसकर जगदीश के सीने पर कुल्हाड़ी से कई वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
झाड़ू लगाने को लेकर महिलाओं में हुआ था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि जगदीश और अग्नेयू पड़ोसी थे। दोनों की पत्नियों के बीच पहले भी कहासुनी होती रहती थी। करीब एक सप्ताह पहले घर के बाहर झाड़ू लगाने को लेकर दोनों महिलाओं में विवाद हुआ था।
पुलिस के अनुसार इसी दौरान अग्नेयू की पत्नी द्वारा जगदीश की पत्नी को थप्पड़ मारने और धक्का देने की बात सामने आई। उस समय मौजूद जगदीश ने भी नाराजगी जताई। बाद में अग्नेयू के घर लौटने पर दोनों पुरुषों के बीच विवाद हुआ, जिसे ग्रामीणों ने शांत कराया।
दोस्त के साथ रची हत्या की साजिश
पुलिस का दावा है कि घटना के समय जगदीश की पत्नी मजदूरी के सिलसिले में जबलपुर गई हुई थी और वह घर पर अकेला था। इसी दौरान अग्नेयू ने परीवा बैगा के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
जांच के मुताबिक 30 सितंबर की रात अग्नेयू ने परीवा को अपने घर बुलाया। दोनों ने शराब पी और भोजन किया। इसके बाद कुल्हाड़ी लेकर जगदीश के घर पहुंचे और कथित तौर पर हमला कर दिया।
महिला गवाह ने दी अहम जानकारी
जांच के दौरान जगदीश के घर के सामने रहने वाली द्रोपदी बाई ने पुलिस को बताया कि उसने रात में अग्नेयू और परीवा को जगदीश के घर से निकलते देखा था। पुलिस के अनुसार दोनों के हाथों में खून लगी कुल्हाड़ी दिखाई दी थी।
महिला ने डर के कारण तत्काल किसी को कुछ नहीं बताया, लेकिन बाद में पुलिस पूछताछ में उसने यह जानकारी दी।
जंगल में छिपे थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद दोनों आरोपी गांव छोड़कर आसपास के जंगल में छिपते रहे। कल्याणपुर गांव जंगल से लगा होने के कारण पुलिस की दबिश पड़ने पर दोनों घने जंगल की ओर भाग जाते थे।
रविवार को बघराजी चौकी और कुंडम थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जंगल में घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में अग्नेयू ने जगदीश से पुरानी रंजिश और आए दिन गाली-गलौज से परेशान होकर परीवा के साथ हत्या की योजना बनाने की बात कही। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
