मंडला। मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर फूलसागर के पास कार और पिकअप की आमने-सामने टक्कर में बड़ा सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में पिकअप सवार 13 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चमरवाह निवासी सिमीया बाई सैयाम (50) की मौत हो गई।
एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का मंडला जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
सब्जी खरीदने मंडला आ रहे थे पिकअप सवार
जानकारी के अनुसार टिकरिया थाना क्षेत्र के चमरवाह सहित आसपास के गांवों के लोग पिकअप वाहन से सब्जी खरीदने मंडला आ रहे थे।
इसी दौरान फूलसागर पुल के पास सामने से जबलपुर की ओर जा रही कार से पिकअप की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद वाहन सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकालकर मंडला जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान सिमीया बाई सैयाम ने दम तोड़ दिया। एक अन्य घायल को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
हादसे के कारणों की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और दुर्घटना के लिए किस वाहन की लापरवाही जिम्मेदार थी।
दोनों वाहनों की स्थिति, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
