जबलपुर। फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधिमंडल ने विगत दिवस भोपाल में
मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध निदेशक इलैया राजा से भेंट कर उन्हें प्रदेश में आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने तथा पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण विभिन्न क्षेत्रों के टूरिस्ट सर्किट बनाने मांगपत्र दिया तथा पर्यटन को प्रोत्साहन देने अनेक विषयों पर चर्चा की। फेडरेशन के अध्यक्ष हिमांशु खरे ने इस अवसर पर बताया कि प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार, आध्यात्मिक एवं इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने तथा पर्यटन क्षेत्र में निजी भागीदारी बढ़ाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने यह सुझाव दिया कि पर्यटन स्थलों के आसपास स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पादों एवं एमएसएमई इकाइयों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष मार्केटिंग एवं प्रदर्शन क्षेत्रों का विकास किया जाए, जिससे पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय उद्यमिता को भी बढ़ावा मिले। बैठक में पर्यटन क्षेत्र में सार्वजनिक-निजी भागीदारी, निवेश संवर्धन, हेरिटेज संरक्षण, ग्रामीण पर्यटन तथा प्रदेश के पर्यटन ब्रांडिंग अभियान को और प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में चैंबर की ओर से अशोक आनंद, प्रवीण आचार्य, डॉ. सुरेंद्र सिंह, राजेश हिरवे उपस्थित थे।
