जबलपुर। अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लार्डगंज थाना पुलिस ने एक युवक को तीन देशी पिस्टल और तीन कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नकद एक हजार रुपये भी बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने हथियार लकी पटेल से खरीदना और पूर्व में भी उससे हथियार लेकर बेचने की बात बताई है।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अवैध हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त आरोपियों की पतासाजी कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली अखिलेश गौर के मार्गदर्शन में लार्डगंज थाना प्रभारी नवल आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि जेडीए बिल्डिंग, शताब्दीपुरम के पास एक युवक देशी पिस्टल लेकर खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रेमलाल उर्फ संदीप सोनी, पिता सुशील कुमार सोनी, उम्र 21 वर्ष, निवासी काली मंदिर के पास शांतिनगर, दमोहनाका बताया।
कपड़े के थैले और जींस से मिले हथियार
पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके हाथ में रखे कपड़े के थैले से दो देशी पिस्टल बरामद हुईं। वहीं जींस में एक और देशी पिस्टल छिपाकर रखी गई थी। उसकी जेब से तीन कारतूस और एक हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने उक्त हथियार लकी पटेल से खरीदे थे। आरोपी के अनुसार, वह पूर्व में भी लकी पटेल से हथियार लेकर उनकी खरीद-फरोख्त कर चुका है।
आर्म्स एक्ट और बीएनएस के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी प्रेमलाल उर्फ संदीप सोनी के कब्जे से तीन देशी पिस्टल, तीन कारतूस और एक हजार रुपये नकद जब्त किए। मामले में दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 25(1), 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार हथियारों की खरीद-फरोख्त के जरिए संगठित अपराध किए जाने के तथ्य सामने आने पर धारा 111(1) बीएनएस के तहत भी कार्रवाई की गई है।
लकी पटेल पर पहले से दर्ज हैं 20 अपराध
पुलिस ने बताया कि आरोपी लकी पटेल शातिर अपराधी प्रवृत्ति का है। उसके विरुद्ध फायर आर्म्स, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, हत्या के प्रयास और अवैध वसूली सहित करीब 20 अपराध दर्ज हैं। उसके खिलाफ समय-समय पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
पुलिस के मुताबिक, लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण कुछ दिन पहले ही लकी पटेल को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध कराया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
आरोपी को हथियारों के साथ पकड़ने में लार्डगंज थाना प्रभारी नवल आर्य के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक मनोज गोस्वामी, पुष्पराज परते, राजेश वर्मा, आरक्षक शुभम पटेल, पंकज सनोडिया, हुलेश परस्ते और रिषभ बर्मन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
