जबलपुर। बारिश के चलते नर्मदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद लोग अपनी जान जोखिम में डालकर रील बनाने और सेल्फी लेने से बाज नहीं आ रहे हैं। तिलवाराघाट के पुराने छोटे पुल सहित नर्मदा के कई घाटों पर युवक प्रतिबंधित क्षेत्रों में पहुंचकर खतरनाक स्टंट कर रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
डूबे पुल पर पहुंच रहे लोग, बना रहे जानलेवा वीडियो
तिलवाराघाट का पुराना छोटा पुल जलस्तर बढ़ने के साथ ही डूबने लगता है। इसके बावजूद कई लोग बैरिकेड्स और प्रशासनिक प्रतिबंधों को नजरअंदाज कर पुल तक पहुंच रहे हैं। कोई पुल के किनारे खड़े होकर सेल्फी ले रहा है तो कोई नाव और पुल पर खतरनाक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की कोशिश कर रहा है। कुछ युवकों को पुल से नर्मदा में छलांग लगाते हुए भी देखा गया है, जो गंभीर हादसे को न्योता देने जैसा है।
हाल ही में डूबने से गई थी युवक की जान
कुछ दिन पहले तिलवाराघाट पर रांझी निवासी शशांक उर्फ संदेश कोल की नर्मदा में डूबने से मौत हो गई थी। वह अपने दोस्त के साथ स्नान करने गया था, लेकिन गहरे पानी में चले जाने से हादसे का शिकार हो गया। इससे पहले भी नर्मदा के विभिन्न घाटों पर लापरवाही के कारण कई लोगों की जान जा चुकी है, बावजूद इसके लोग सबक लेने को तैयार नहीं हैं।
घाटों पर उमड़ रही भीड़, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बारिश के मौसम में गौरीघाट, तिलवाराघाट, भेड़ाघाट और बरगी सहित नर्मदा के प्रमुख घाटों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई संवेदनशील स्थानों पर स्थायी रेस्क्यू सेंटर, सुरक्षा गार्ड और होमगार्ड की नियमित तैनाती नहीं होने से जोखिम और बढ़ जाता है। किसी हादसे की स्थिति में सबसे पहले स्थानीय मल्लाह और गोताखोर ही राहत एवं बचाव कार्य में जुटते हैं।
पुलिस ने बढ़ाई निगरानी, चेतावनी जारी
पुलिस का कहना है कि नर्मदा का जलस्तर बढ़ने के बाद घाटों पर पेट्रोलिंग तेज कर दी गई है। तिलवाराघाट के छोटे पुल सहित प्रतिबंधित क्षेत्रों में लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई जा रही है। चोरी-छिपे प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की अपील: रील नहीं, जिंदगी है जरूरी
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बढ़े हुए जलस्तर के दौरान नदी से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। प्रतिबंधित पुलों और घाटों पर न जाएं, सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में रील और सेल्फी के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें। साथ ही नशे की हालत में नदी के पास जाने से बचें और बच्चों पर विशेष निगरानी रखें।
रील का रोमांच, कहीं न बन जाए अंतिम वीडियो
सोशल मीडिया पर कुछ सेकंड की लोकप्रियता पाने की होड़ कई युवाओं को मौत के मुहाने तक ले जा रही है। प्रशासन की चेतावनी और पूर्व की घटनाओं के बावजूद यदि लापरवाही जारी रही तो नर्मदा किनारे ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति से इंकार नहीं किया जा सकता। सुरक्षा नियमों का पालन ही जीवन की सबसे बड़ी सुरक्षा है।
