जबलपुर। पश्चिम संभाग अंतर्गत पंजाब बैंक कॉलोनी में बिजली मीटर लगाने पहुंचे बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में गुरुवार को पश्चिम संभाग के सभी जूनियर इंजीनियर संभागीय कार्यालय में एकत्र हुए और घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों ने फील्ड में कार्यरत बिजलीकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यपालन अभियंता आशुतोष ओझा के साथ यूनाइटेड फोरम फॉर पावर एम्पलाइज संगठन (पूर्व क्षेत्र कंपनी) के संयोजक एस.के. पचौरी ने कर्मचारियों से चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि घटना को लेकर पुलिस में एफआईआर दर्ज हो चुकी है, लेकिन भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था आवश्यक है।
फील्ड में काम करना होगा मुश्किल
बैठक में मौजूद इंजीनियरों और कर्मचारियों ने कहा कि बिजली विभाग के कर्मचारी प्रतिदिन मैदानी क्षेत्रों में उपभोक्ताओं के बीच जाकर सेवाएं देते हैं। यदि उन्हें सुरक्षित वातावरण नहीं मिलेगा तो विभागीय कार्य प्रभावित होंगे। कर्मचारियों ने कहा कि हमलावरों के खिलाफ कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी सरकारी कर्मचारी के साथ इस तरह की घटना करने का साहस न कर सके।
यूनियन ने दी आंदोलन की चेतावनी
यूनाइटेड फोरम फॉर पावर एम्पलाइज संगठन के संयोजक एस.के. पचौरी ने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा बिजलीकर्मियों की सुरक्षा के लिए ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो संगठन व्यापक स्तर पर आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि एफआईआर दर्ज होना पहला कदम है, लेकिन दोषियों को कड़ी सजा दिलाना भी उतना ही आवश्यक है।
कार्यपालन अभियंता आशुतोष ओझा ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि विभाग उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा और प्रशासन से समन्वय बनाकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। हालांकि कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं होती और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाते, उनका आक्रोश शांत नहीं होगा।
