जबलपुर। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद सल्ल. के यौमे पैदाइश की 1501वीं सालगिरह के मौके पर बुधवार को जबलपुर सहित देशभर में ईद मिलादुन्नबी का पर्व अकीदत और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाले जाएंगे। जुलूसों में पैगंबर-ए-इस्लाम की शिक्षाओं और आदर्श जीवन को याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया जाएगा।
जुलूस में अदब और शांति बनाए रखने की अपील
मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश हजरत मौलाना मुशाहिद रजा कादरी बुरहानी ने जुलूस-ए-मोहम्मदी में अदब और एहतराम के साथ शामिल होने की अपील की है। उन्होंने लोगों से सिर पर टोपी लगाकर जुलूस में शामिल होने और दरूद व सलाम पेश करते हुए चलने की गुजारिश की है। उन्होंने बड़े झंडे नहीं लहराने, उनकी जगह छोटे झंडों का इस्तेमाल करने, जुलूस में अमन-शांति बनाए रखने तथा आतिशबाजी नहीं करने की हिदायत दी है।
नया मोहल्ला से दोपहर 2.30 बजे निकलेगा जुलूस
बज्म-ए-गुलशने मदीना के संयोजन में बुधवार को बाद नमाज-ए-जुहर दोपहर 2.30 बजे नया मोहल्ला स्थित हुसैन चौक से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। जुलूस की कयादत मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश हजरत मौलाना मुशाहिद रजा कादरी बुरहानी करेंगे। कमेटी के संरक्षक खालिद मुबीन एवं सदस्यों हाफिज अशफ़ाक, हाजी मुश्ताक, हाजी इसरार, हाजी सलीमुद्दीन द्वारा जुलूस की शुरुआत में मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश का इस्तकबाल किया जाएगा। मोहम्मदी गेट पर मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश का स्वागत पप्पू वसीम खान, बाबा रिजवान, नसीम खान, हाफिज इश्तियाक, रऊफ रजवी, प्यारे साहब, जमा खान, मुईन खान, आसिफएंथोनी, हाजी अल्ताफ द्वारा किया जाएगा!
जुलूस नया मोहल्ला, मोहम्मदी गेट होते हुए प्रमुख मार्गों से गश्त कर अंजुमन स्कूल मढ़ाताल पहुंचेगा। यहां मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश मुस्लिम समाज को संबोधित करेंगे। सलातो-सलाम के साथ जुलूस का समापन होगा।
मोतीनाला से भी निकलेगा कदीमी जुलूस
मुस्लिम बहुल क्षेत्र मोतीनाला स्थित सुलेमानी मस्जिद से कदीमी जुलूस-ए-मोहम्मदी दोपहर 2 बजे निकाला जाएगा। जुलूस नायब-ए-मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश हजरत सूफी जियाउल हक कादरी की कयादत एवं डॉक्टर हाजी जियाउद्दीन की हिमायत में निकलेगा। प्रमुख मार्गों से गश्त के बाद जुलूस सुलेमानी मस्जिद पहुंचेगा, जहां सलातो-सलाम पेश किया जाएगा।
मंडी मदार टेकरी से भी जुलूस
गुलशने कुरैश कमेटी के तत्वावधान में दोपहर 2 बजे जुलूस-ए-मोहम्मदी मंडी मदार टेकरी जामा मस्जिद से निकाला जाएगा, जो प्रमुख मार्गों से होते हुए अंजुमन स्कूल मढ़ाताल पहुंचेगा। कमेटी के अध्यक्ष आमीन कुरैशी ने सभी से शालीनता और अदब के साथ जुलूस में शामिल होने की अपील की है। शहर के अन्य क्षेत्रों से भी जुलूस निकाले जाएंगे, जिनका समापन अंजुमन स्कूल मढ़ाताल में किया जाएगा।
जश्ने ईद मिलादुन्नबी के सिलसिले में दावते इस्लामी जबलपुर की जानिब से अज़ीमुश्शान जुलूसे मोहम्मदी बाद नमाज़-ए-ज़ोहर दोपहर 2 बजे रज़ा चौक, मिल्क स्कीम रोड स्थित फैज़ाने मदीना से रवाना होगा। हाजी मोहम्मद जावेद अत्तारी ने शिरकत करने की गुज़ारिश की है।
सदर बाजार और गढ़ा में भी जुलूस
सदर बाजार में दोपहर 2 बजे अकबर खान सरवर, इनायत अली शाह, अशफाक कुरैशी और सिकंदर बाबा की कयादत में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। जुलूस सदर बाजार की गलियों से गश्त करते हुए पेंटीनाका चौक पहुंचेगा और इसके बाद जामा मस्जिद सदर बाजार में इसका समापन होगा। समाजसेवी अकबर खान सरवर ने सदरवासियों से शालीनता और सद्भाव के साथ जुलूस में शामिल होने की अपील की है।
इसी प्रकार गढ़ा क्षेत्र में भी दोपहर 2 बजे जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। जुलूस की कयादत अल्लामा मौलाना अल्हाज सैय्यद इकबाल अहमद शम्स रब्बानी, मौलाना फजले रब अशरफी, हाजी तौसीफ रजा, सूफी मुबारक कादरी, सैय्यद कादिर कादरी, निजाम कादरी, खलीफा इनायत कादरी, निजाम बाबा, नियाज मंसूरी और जवाहर कादरी करेंगे।
गुलशने फलक संस्था के हाजी मो. असलम, मो. सादिक खान, सलीम खान बून, हन्नू पहलवान, हाजी नज्जू, मोहम्मद शकील, यूसुफ मंसूरी, हाजी सब्बन, मोईन रजा तथा मुस्लिम नव युवक सभा के फहीम खान, शमसुल हसन खान, शाकिर खान, जावेद अशरफ और डॉ. खलील खान आदि ने जुलूस में शालीनता और सद्भावना के साथ शामिल होने की अपील करते हुए शहरवासियों को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी है।
मुए मुबारक की ज़ियारत
ईद मिलादुन्नबी के मौके पर आगा चौक स्थित खानकाह निजामिया आगा मोहम्मद साहब (रह.) में पवित्र तबर्रुकात की ज़ियारत का इंतज़ाम किया जाएगा।
इस दौरान हुज़ूर मोहम्मद मुस्तफा के मुए मुबारक के साथ-साथ दीगर तबर्रुकात की ज़ियारत सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक कराई जाएगी। मुतवल्ली सैय्यद लियाकत अली ने तमाम अकीदतमंदों से निर्धारित समय का पालन करते हुए ज़ियारत के लिए पहुंचने की अपील की है।
