देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफ — मोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

जबलपुर में अवैध हथियार तस्करी का भंडाफोड़: 3 शातिर बदमाश गिरफ्तार, पिस्टल-कट्टे और कारतूस बरामद




जबलपुर। शहर में अवैध हथियारों के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना लार्डगंज पुलिस ने तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 पिस्टल, 2 देशी कट्टे, 3 जिंदा कारतूस और 3,020 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी संगठित गिरोह बनाकर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त का कारोबार कर रहे थे।





पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अवैध हथियार एवं मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ एवं नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश गौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नवल आर्य के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

मुखबिर की सूचना पर दबिश

पुलिस को 5 अगस्त को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि ग्वारीघाट थाना क्षेत्र के हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी दीपक जाटव पिस्टल लेकर जीरो डिग्री क्षेत्र के पास घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान दीपक के पास से एक पिस्टल, मैगजीन में लोड एक जिंदा कारतूस और 1,520 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह अपने साथियों आकाश पटेल और आनंद चौधरी के साथ मिलकर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करता है।

दो और साथी हथियारों सहित दबोचे गए

दीपक की निशानदेही पर पुलिस ने कुछ ही देर बाद मौके पर पहुंचे उसके दोनों साथियों को भी घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान—

  • आनंद चौधरी के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और 600 रुपये नकद मिले।
  • आकाश पटेल के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और 900 रुपये नकद बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने दो माह पहले छोटू चौबे नामक व्यक्ति से दो पिस्टल, चार देशी कट्टे और उनके कारतूस खरीदे थे, जिनमें से कुछ हथियार अज्ञात लोगों को बेच दिए गए थे।

तीनों पर पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों आरोपी अपराधी प्रवृत्ति के हैं।

  • दीपक जाटव (36), निवासी सुखसागर, ग्वारीघाट, पर एक दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वह भोपाल के हत्या के मामले में जमानत पर है तथा ग्वारीघाट के हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहा था।
  • आकाश पटेल (31), निवासी दत्त मंदिर के पास, लार्डगंज, के खिलाफ 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
  • आनंद चौधरी (29), निवासी चौधरी मोहल्ला, हनुमानताल, के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के 5 मामले दर्ज हैं।

आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट तथा धारा 111(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अवैध हथियारों की सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक मनोज पुरी गोस्वामी, सहायक उप निरीक्षक राजेश वर्मा, प्रधान आरक्षक हेमराज तथा आरक्षक शुभम पटेल, हुलेश, पंकज और ऋषभ की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times
askari times