जबलपुर। शहर में मिलावटी और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रशासन और कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार रात से गुरुवार तक शहर के मल्टी ब्रांड स्टोर्स, डेयरी और पिज्जा सेंटरों पर अचानक जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान मिलावट की आशंका में 215 किलो घी और 25 किलो पनीर जब्त किया गया। जब्त खाद्य सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 1.54 लाख रुपये बताई गई है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के नेतृत्व में गठित टीम ने तिलहरी और विजय नगर स्थित डी मार्ट, तिलहरी के ब्लिंकिट स्टोर, ग्वारीघाट और रसल चौक के डोमिनोज पिज्जा सेंटर, सिविक सेंटर स्थित गोविंदा पिज्जा, निवाड़गंज की शिवम डेयरी तथा विजय नगर की राजा डेयरी में जांच की। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए, जिन्हें परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है।
डी मार्ट से 200 किलो घी जब्त
जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने डी मार्ट के तिलहरी और विजय नगर स्थित आउटलेट्स में उपलब्ध घी की जांच की। मिलावट की आशंका के चलते टीम ने 200 किलो श्रीधी घी जब्त किया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.40 लाख रुपये बताई गई है। अधिकारियों ने संबंधित उत्पाद के नमूने भी जांच के लिए लिए हैं।
इसी तरह तिलहरी स्थित ब्लिंकिट स्टोर में जांच के दौरान 15 लीटर गोवर्धन काऊ घी जब्त किया गया। इसकी कीमत करीब 14 हजार रुपये बताई गई है।
पिज्जा सेंटरों की रसोई भी जांची
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पिज्जा सेंटरों में इस्तेमाल होने वाले डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता की भी जांच की। ग्वारीघाट और रसल चौक स्थित डोमिनोज पिज्जा सेंटरों की रसोई का निरीक्षण कर वहां उपयोग किए जा रहे पनीर के नमूने लिए गए। इसके अलावा सिविक सेंटर स्थित गोविंदा पिज्जा सेंटर से भी पनीर का सैंपल लिया गया।
अधिकारियों ने डेयरी दुकानों पर भी कार्रवाई जारी रखी। निवाड़गंज स्थित शिवम डेयरी से मिलावट की आशंका में 25 किलो पनीर जब्त किया गया। वहीं विजय नगर स्थित राजा डेयरी से पनीर का नमूना जांच के लिए लिया गया।
रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई के दौरान लिए गए सभी खाद्य पदार्थों के नमूने परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं। लैब रिपोर्ट में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर कारोबारियों में भी हलचल बढ़ गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
