हादसे के बाद मचा हड़कंप, बस जब्त, चालक हिरासत में; कुछ देर तक लगा जाम
जबलपुर | रेवांचल टाइम्स। गोरखपुर थाना क्षेत्र में महर्षि स्कूल के सामने गुरुवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार यात्री बस ने पुलिस के डायल-112 वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में डायल-112 का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि वाहन के पायलट नीरज भार्गव घायल हो गए। पुलिस ने बस को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोरखपुर थाना से डायल-112 वाहन महर्षि विद्या मंदिर के सामने से बंदरिया तिराहा की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही यात्री बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पुलिस वाहन का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में डायल-112 के पायलट नीरज भार्गव के सिर, सीने, हाथ और पैर में चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को सहायता उपलब्ध कराई। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल भेजा।
प्रत्यक्षदर्शियों का यह भी कहना है कि दुर्घटना के बाद बस चालक मौके पर विवाद करने लगा, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए चालक को हिरासत में लिया और बस को जब्त कर थाना ले गई।
दुर्घटना के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। चालक के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
