रांझी में दर्दनाक हादसा: पशुपतिनाथ मंदिर जा रहे व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने रौंदा

 



जबलपुर। भगवान पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन के लिए घर से निकले एक श्रद्धालु की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। रांझी कन्या शाला के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

रांझी थाना पुलिस के अनुसार बिलपुरा कॉलोनी निवासी अमर बहादुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पिता धन बहादुर सोमवार शाम करीब 6:30 बजे अपनी गाड़ी से पशुपतिनाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए घर से निकले थे। करीब एक घंटे बाद रात 7:30 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने धन बहादुर के मोबाइल से उनकी पत्नी सुनीता को फोन कर सूचना दी कि शांतिनगर स्थित रांझी कन्या शाला स्कूल के सामने सड़क पर एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी है। हादसे के बाद वे सड़क पर घायल अवस्था में पड़े हुए हैं।

सूचना मिलते ही अमर बहादुर घटनास्थल पहुंचा, जहां पता चला कि स्थानीय लोगों ने उसके पिता को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रांझी पहुंचा दिया है। अस्पताल पहुंचने पर उसने देखा कि पिता के सिर के पीछे और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं तथा काफी खून बह चुका था। उनकी हालत गंभीर और बेहोशी की थी।

परिजन तत्काल उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया। मेडिकल अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद धन बहादुर को मृत घोषित कर दिया।

रांझी थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना कारित करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times