जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र में एक मामूली सी घटना ने गांजा तस्करी के बड़े खेल का पर्दाफाश कर दिया। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे तस्कर की कार कीचड़ में फंस गई। मौका पाकर आरोपी कार छोड़कर जंगल के रास्ते फरार हो गया, लेकिन पीछे छोड़ी गई कार से पुलिस ने 20 किलो 433 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख 21 हजार 650 रुपये आंकी गई है।
खमरिया थाना प्रभारी राजकुमार खटीक ने बताया कि गुरुवार देर रात अमझर घाटी में पुलिस की वाहन चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान शहर की ओर से आ रही एक अल्टो कार (क्रमांक CG 04 HB 6745) का चालक पुलिस को देखकर कुछ दूरी पहले ही वाहन मोड़कर भागने लगा। पुलिस को संदेह हुआ तो जवान कार की ओर दौड़े।
भागने की जल्दबाजी में कार का पहिया कीचड़ में धंस गया और वाहन वहीं फंस गया। पुलिस को नजदीक आता देख चालक चालू हालत में कार छोड़कर जंगल के रास्ते फरार हो गया।
