जबलपुर। शहर के सबसे व्यस्त घंटाघर चौक के पास मंगलवार को तेज रफ्तार कार ने जमकर कहर बरपाया। अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े एक ऑटो चालक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि कार चालक भागने के प्रयास में एक अन्य वाहन को भी अपनी चपेट में ले बैठा।
ओमती थाना प्रभारी के अनुसार, ऑटो चालक घंटाघर चौक के समीप अपने ऑटो के साथ खड़ा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक कार ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पीछे से ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता से ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
हादसे के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया। गंभीर चोटों के कारण घायल की तत्काल पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान उसने वहां खड़े एक अन्य वाहन को भी टक्कर मार दी। हालांकि बाद में पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना के समय कार चालक नशे की हालत में था या हादसा किसी अन्य वजह से हुआ। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
