देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

जबलपुर में घर बना अवैध शराब का अड्डा: पति-पत्नी चला रहे थे 24 घंटे शराब बिक्री का कारोबार, पुलिस ने मारा छापा

 



जबलपुर। शहर के मदनमहल थाना क्षेत्र के कालीमठ में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दंपति के घर पर छापा मारकर भारी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस के अनुसार आरोपी पति-पत्नी घर से ही राउंड द क्लॉक (24 घंटे) शराब की अवैध बिक्री कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान आरोपी पति छत के रास्ते फरार हो गया, जबकि पत्नी को पुलिस ने मौके से हिरासत में ले लिया।

मदनमहल थाना प्रभारी धीरज राज ने बताया कि गुरुवार रात सूचना मिली थी कि बंटू विश्वकर्मा अपनी पत्नी रजनी विश्वकर्मा के साथ घर में भारी मात्रा में शराब रखकर अवैध रूप से बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घर पर दबिश दी।

गेट नहीं खोला, पत्नी बोली- 'घर पर नहीं है'

पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मकान का लोहे का गेट अंदर से बंद था। कई बार आवाज लगाने के बाद भी गेट नहीं खोला गया। अंदर से रजनी विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि उसका पति घर पर नहीं है। संदेह बढ़ने पर पुलिस ने किसी तरह गेट खुलवाया।

इसी दौरान छत से तेज आवाज सुनाई दी। पुलिस ने देखा कि बंटू विश्वकर्मा छत के रास्ते छलांग लगाकर फरार हो गया। पूछताछ में रजनी ने स्वीकार किया कि उसने अपने पति को छत पर छिपा रखा था और वही भाग निकला।

घर से मिली भारी मात्रा में शराब और नकदी

तलाशी के दौरान सीढ़ियों के पास रखे 3 कार्टन में 155 पाव अंग्रेजी शराब और शराब बिक्री के 1,190 रुपये बरामद हुए। इसके बाद जब घर के अंदर बने कमरे की तलाशी ली गई तो वहां से 10 कार्टन में 500 पाव अंग्रेजी शराब, 3 कार्टन में 150 पाव देशी शराब तथा शराब बिक्री के 6,150 रुपये नकद मिले।

पुलिस ने पूरे मकान से कुल 43 बोतल, 818 पाव अंग्रेजी शराब, 387 पाव देशी शराब और बिक्री की नकदी जब्त की।

पति पर पहले से दर्ज हैं 7 आपराधिक मामले

पुलिस के अनुसार आरोपी बंटू विश्वकर्मा उर्फ ज्ञानेश्वर अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जिसके खिलाफ पहले से 7 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times