जेल से लौटने की मिली भनक, बदमाशों ने घर में घुसकर बरपाया कहर

 




जबलपुर। केंट थाना क्षेत्र के हेलटगंज सदर में मंगलवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब कुछ बदमाशों ने एक युवक के घर में घुसकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बीच-बचाव करने आए उसके भाई के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार हेलटगंज सदर निवासी नीलेश उर्फ बच्चा एक पुराने प्रकरण में जेल से जमानत पर छूटकर अपने परिचित शुभम के साथ घर लौटे थे। बताया जा रहा है कि देर रात करीब 12 बजे दोनों घर पहुंचे। कुछ देर बाद शुभम घर से बाहर निकला, तभी पहले से घात लगाए बैठे नितिन मलिक, सुमरित उर्फ रितिक नन्हेंट, मनोज तामिया और लक्की तामिया ने उसका रास्ता रोक लिया।

आरोप है कि चारों ने शुभम के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए शुभम भागकर नीलेश के घर पहुंचा, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गए। बदमाशों ने घर की लोहे की जाली तोड़कर जबरन अंदर प्रवेश किया और नीलेश पर हमला बोल दिया।

हमले के दौरान नीलेश को बचाने आए उसके भाई अनिकेत धामन के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए, जिन्हें आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही केंट थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ितों से पूछताछ की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(ए), 126(2), 331(6), 324(4), 351(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना पुरानी रंजिश से जुड़ी हो सकती है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times