देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

हाईकोर्ट-घमापुर मार्ग पर जाम से हाहाकार, फ्लाईओवर निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग

 


जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में हाईकोर्ट चौक, घमापुर और अधारताल मार्ग पर रोजाना लगने वाले भीषण जाम से परेशान नागरिकों ने अब घमापुर फ्लाईओवर के निर्माण की मांग तेज कर दी है। मंगलवार को नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय से मुलाकात कर मंजूर हो चुके फ्लाईओवर का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग की।

मंच के अध्यक्ष डॉ. पी.जी. नाजपांडे ने बताया कि अधारताल से शहर की ओर आने-जाने वाले हजारों लोग प्रतिदिन हाईकोर्ट चौक और घमापुर क्षेत्र में घंटों जाम में फंसते हैं। इससे न केवल लोगों का बहुमूल्य समय बर्बाद होता है, बल्कि ईंधन की भी भारी खपत होती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान हालात में घमापुर फ्लाईओवर ही इस समस्या का स्थायी समाधान है।

एसपी बोले- फ्लाईओवर ही एकमात्र विकल्प

प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के दौरान पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने स्वीकार किया कि इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कई प्रयास किए गए, लेकिन अपेक्षित सफलता नहीं मिली। उन्होंने कहा कि मौजूदा स्थिति में फ्लाईओवर का निर्माण ही सबसे प्रभावी समाधान है और इस संबंध में शासन को आवश्यक जानकारी भेजी जाएगी।

8 वर्षों से अधर में लटका है फ्लाईओवर प्रोजेक्ट

डॉ. नाजपांडे ने बताया कि तहसील चौक से घमापुर, भानतलैया और रद्दी चौकी तक फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव वर्ष 2019 में लगभग ₹269 करोड़ की लागत से तैयार किया गया था, लेकिन आठ वर्ष बीत जाने के बाद भी परियोजना धरातल पर नहीं उतर सकी।

इसके बाद वर्ष 2024 में रेलवे पुल नंबर-2 से हाईकोर्ट चौक, घमापुर, भानतलैया, रद्दी चौकी होते हुए कैप्टन हमीद चौक तक लगभग छह किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का नया प्रस्ताव तैयार किया गया, जिसकी अनुमानित लागत ₹800 करोड़ आंकी गई। हालांकि इस परियोजना पर भी अब तक काम शुरू नहीं हो पाया है।

गोहलपुर पुलिया निर्माण से बढ़ी परेशानी

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि गोहलपुर पुलिया की चौड़ाई का कार्य शुरू होने के बाद वहां भी जाम की समस्या और बढ़ गई है। ऐसे में अधारताल से शहर आने के लिए घमापुर और गोहलपुर दोनों प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित हो रहा है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times