मंडला। शहर के इलाही चौक क्षेत्र में 27 वर्षीय शिवानी विश्वकर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गंभीर अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पति का कहना है कि महिला ने आत्महत्या की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को महिला की मौत की सूचना जबलपुर में रहने वाले उसके मायके पक्ष को दी गई। परिजन मंडला पहुंचे, जिसके बाद रविवार को पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई।
मृतका के पति नीलेश विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि शिवानी पिछले कुछ समय से एंजाइटी और माइग्रेन की समस्या से जूझ रही थीं तथा उनका इलाज मंडला, जबलपुर और नागपुर में चल रहा था। उनके अनुसार घटना वाले दिन वह अपने तीन वर्षीय बेटे को स्कूल में आयोजित पेरेंट-टीचर मीटिंग में लेकर गए थे। घर लौटने पर उन्होंने शिवानी को कमरे में फंदे पर लटका पाया। तत्काल रस्सी काटकर जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दूसरी ओर, मृतका की मां और बहन ने पति के दावे पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि शिवानी नर्सिंग का कोर्स कर चुकी थीं और उनका एक तीन वर्षीय बेटा है। उनका आरोप है कि शिवानी का एक हाथ पूरी तरह सामान्य रूप से कार्य नहीं करता था, ऐसे में आत्महत्या की बात संदेहास्पद प्रतीत होती है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
