जबलपुर। पनागर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चाइना चाकू बेचने की फिराक में घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पांच चाइना चाकू बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने ये चाकू अधारताल निवासी एक युवक से खरीदे थे और उन्हें पनागर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बेचने की तैयारी कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि मौलाना अब्दुल कलाम स्टेडियम के पीछे एक युवक चाइना चाकू लेकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे दबोच लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से पांच चाइना चाकू बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राज उर्फ काशी बर्मन (20 वर्ष) निवासी चंद्र नगर बिसेंदी, पनागर बताया। उसने खुलासा किया कि उसने ये चाकू अभिषेक उर्फ छिंगा पटेल, निवासी महाराजपुर, अधारताल से खरीदे थे और उन्हें बेचने के लिए पनागर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में घूम रहा था।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी अब तक किन-किन लोगों को चाकू बेच चुका है और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही चाकुओं की सप्लाई चेन की भी पड़ताल की जा रही है।
इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक रजनीश भदौरिया, प्रधान आरक्षक शिव प्रसाद रजक, आरक्षक सचिन्द्र और आरक्षक कौशल की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।
