जबलपुर। पाटन रोड पर गुरूपिपरिया गांव के पास बुधवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। जबलपुर से पाटन की ओर जा रहे एक अनियंत्रित ट्राले ने सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्राले में फंस गई और करीब 500 मीटर तक घिसटती हुई सड़क किनारे खेत में जा पहुंची। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर हुई चालक की दर्दनाक मौत
पाटन थाना पुलिस के अनुसार, यह हादसा बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे दमोह स्टेट हाईवे पर स्थित गुरूपिपरिया गांव के पास हुआ। दुर्घटना में कार चालक अजय पटेल (निवासी तेंदूखेड़ा) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार अन्य छह लोग घायल हो गए।
गैस कटर से काटकर निकाला गया शव
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। कार बुरी तरह ट्राले में फंस चुकी थी, जिसके कारण चालक का शव निकालने के लिए गैस कटर से कार की बॉडी काटनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला गया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से पाटन सिविल अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
फरार ट्राला चालक की तलाश
हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्राले को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले में प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
