जबलपुर। शहर के लार्डगंज थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने अपने ही जीजा पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में चाकू पीड़ित के पेट में ही फंस गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया और आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 23 जुलाई की रात कछपुरा ब्रिज के पास चौक स्थित पान टपरों के सामने एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची यादव कॉलोनी चौकी पुलिस ने घायल की पहचान संतोष ठाकुर, निवासी कालीमठ, के रूप में की और उसे तत्काल उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया।
घायल संतोष ठाकुर ने पुलिस को बताया कि वह कछपुरा मालगोदाम में ड्राइवरी का काम करता है। गुरुवार रात करीब 8:30 बजे वह अपने साथी रवि केवट की मोटरसाइकिल पर कछपुरा ब्रिज के पास सत्यम के पान टपरे के सामने पहुंचा था। उसके साथ दूसरी मोटरसाइकिल पर उसका भाई मुकेश ठाकुर और राजू राजपूत भी मौजूद थे।
इसी दौरान वहां मौजूद उसका साला पियूष उर्फ चिंटू बेन पुरानी रंजिश के चलते उसके पास आया और जान से मारने की नीयत से पेट के दाहिने हिस्से में चाकू से वार कर दिया। हमले के दौरान चाकू संतोष के पेट में ही फंस गया। शोर-शराबा और साथियों को आता देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर आरोपी पियूष उर्फ चिंटू बेन के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
