देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

तेज रफ्तार पिकअप बनी काल, बाइक सवार वृद्धा की मौत; हादसे के बाद सड़क किनारे पलटा वाहन

 



जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र के ग्राम दिनारी खमरिया के पास रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 70 वर्षीय वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मारने के बाद कुचल दिया। हादसे के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार ग्राम सलैया कुआं निवासी कुसुम बाई यादव (70) अपने पोतों विनीत यादव (23) और नीरज यादव (22) के साथ मोटरसाइकिल से सिहोरा स्थित रिश्तेदारी में जा रही थीं। दोपहर करीब 3:30 बजे जब वे ग्राम दिनारी खमरिया के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे पिकअप वाहन क्रमांक एमपी-20-जीबी-5647 के चालक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और पिकअप उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गया। हादसे के तुरंत बाद पिकअप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे पलट गया।

दुर्घटना में कुसुम बाई यादव के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विनीत और नीरज गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना देकर दोनों घायलों को सिहोरा अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही सिहोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही फरार चालक की तलाश भी की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times