देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

तेज रफ्तार कार को बचाने में पलटा कोयले से भरा ट्रक, चालक-परिचालक गंभीर; दमोह-जबलपुर मार्ग पर लगा लंबा जाम



जबलपुर। दमोह से कोयला लेकर जबलपुर आ रहा एक ट्रक मंगलवार दोपहर कटंगी रोड पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक और परिचालक केबिन में बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार यह हादसा दोपहर करीब एक बजे सिंग्रामपुर के बाबा स्थल से कटंगी की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ। ट्रक दमोह से कोयला लोड कर जबलपुर आ रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में लहराती हुई एक कार आ गई। कार को बचाने के प्रयास में ट्रक चालक मोनू धनगर ने वाहन को अचानक किनारे मोड़ा, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और ट्रक सड़क पर पलट गया।

हादसे के बाद ट्रक में लदा पूरा कोयला सड़क पर बिखर गया और दमोह-जबलपुर मार्ग पर लंबा जाम लग गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक पलटते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक का शीशा तोड़कर चालक और परिचालक भरत यादव (24 वर्ष), निवासी ललितपुर (उत्तर प्रदेश) को बाहर निकाला। दोनों गंभीर रूप से घायल थे और खून से लथपथ हालत में केबिन के अंदर फंसे हुए थे।

घायलों को पहले कटंगी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने दोनों को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

इधर, हादसे के कारण दमोह-जबलपुर मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की सहायता से पलटे हुए ट्रक को हटवाया और सड़क पर बिखरे कोयले को साफ कराया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य हो सका।

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सामने से आ रही तेज रफ्तार कार को बचाने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times