जबलपुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित शिवनगर में एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे में धुत कुछ बारातियों ने जमकर उत्पात मचाने के बाद दुल्हन पक्ष के लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में दुल्हन का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पिता और ताऊ सहित अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दुल्हन के भाई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शिवनगर स्थित कमल बारात घर में आयोजित विवाह समारोह में चौकीताल क्षेत्र से आई बारात में शामिल विंदी चौधरी, कमल चौधरी और पारस चौधरी कथित रूप से शराब के नशे में धुत होकर हंगामा करने लगे। आरोप है कि तीनों ने महिला मेहमानों और वधू पक्ष के लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
दुल्हन के पिता परमीलाल उर्फ छुट्टन अहिरवार, उनके बेटे साहिल अहिरवार और ताऊ राजेश कुमार अहिरवार ने आरोपियों को समझाने और समारोह की गरिमा बनाए रखने की कोशिश की। लेकिन जब वे नहीं माने, तो परिवार और अन्य लोगों ने उन्हें बारात घर से बाहर जाने के लिए कहा।
बताया जाता है कि इस बात से नाराज होकर तीनों आरोपी बाहर ही रुक गए। जैसे ही दुल्हन पक्ष के लोग विवाह स्थल से बाहर निकले, आरोपियों ने उन पर पत्थरों और बोल्डरों से हमला कर दिया। अचानक हुए पथराव में साहिल अहिरवार गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए। वहीं, परमीलाल और राजेश कुमार के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां साहिल अहिरवार को गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती किया गया है। अन्य घायलों का भी उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित पक्ष की शिकायत और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर विंदी चौधरी, कमल चौधरी और पारस चौधरी के खिलाफ जानलेवा हमला, मारपीट, गाली-गलौज सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों ने विवाह समारोहों में सुरक्षा व्यवस्था और शराब के नशे में उत्पात मचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
