देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

धार भोजशाला परिसर के पीछे मुस्लिम पक्ष ने अदा की नमाज, सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुई व्यवस्था; निजी भूमि को लेकर स्थानीय लोगों ने जताई आपत्ति

 


धार। मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक भोजशाला परिसर से जुड़े विवाद के बीच शुक्रवार को परिसर के पीछे निर्धारित स्थान पर मुस्लिम पक्ष ने नमाज अदा की। प्रशासन की निगरानी और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच बड़ी संख्या में नमाजी मौके पर पहुंचे। प्रशासन के साथ हुई चर्चा के बाद मुस्लिम पक्ष ने पूर्व निर्धारित स्थान पर ही नमाज पढ़ने पर सहमति जताई थी।

हालांकि, जिस स्थान पर नमाज अदा की गई, उसे लेकर स्थानीय हिंदू समाज के कुछ लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई। उनका कहना है कि संबंधित भूमि उनकी निजी संपत्ति है और वहां धार्मिक गतिविधियों की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में उन्हें सर्वोच्च न्यायालय के आदेश से राहत मिली है और वे इसे अपनी कानूनी जीत मानते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि 5 अगस्त को प्रस्तावित सुनवाई को लेकर वे पूरी तैयारी कर रहे हैं और न्यायालय से सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है।

देर रात भी हुआ विरोध

नमाज से पहले देर रात स्थानीय रहवासियों ने प्रशासन के समक्ष विरोध दर्ज कराया। उनका कहना था कि जिस स्थान पर नमाज की तैयारी की जा रही है, वह उनकी निजी कृषि भूमि है, इसलिए वहां किसी भी प्रकार की धार्मिक गतिविधि की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

प्रशासन रहा पूरी तरह सतर्क

संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन पूरे घटनाक्रम के दौरान अलर्ट मोड पर रहा। क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई और दोनों पक्षों के आवागमन के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

बारिश के कारण जमीन गीली होने से प्रशासन ने नमाज के लिए निर्धारित स्थान को उपयुक्त बनाने की भी व्यवस्था की। पूरे घटनाक्रम के दौरान स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए रहा।

फिलहाल भोजशाला परिसर से जुड़े मामले पर सभी की निगाहें आगामी 5 अगस्त को होने वाली न्यायिक सुनवाई पर टिकी हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times