देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज के बंद पड़े हॉस्टल नंबर-9 में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस



 जबलपुर। शहर के रांझी क्षेत्र स्थित जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज (JEC) परिसर से शुक्रवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया। कॉलेज के लंबे समय से बंद पड़े ओल्ड फिफ्थ हॉस्टल (छात्रावास क्रमांक-9) के ग्राउंड फ्लोर पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हॉस्टल नंबर-9 कई वर्षों से जर्जर और खाली पड़ा हुआ है। सुनसान होने के कारण यहां अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। शुक्रवार को जब परिसर में मौजूद लोगों की नजर हॉस्टल के भीतर पड़े शव पर पड़ी तो तत्काल कॉलेज प्रशासन को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया।

प्रिंसिपल की सूचना पर पहुंची पुलिस

रांझी थाना पुलिस ने बताया कि कॉलेज के प्राचार्य की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया गया और मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

मृतक की पहचान नहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार वह मांगकर अपना जीवनयापन करता था और अक्सर कॉलेज परिसर के आसपास घूमता रहता था। उसका कोई स्थायी ठिकाना या परिजन होने की जानकारी फिलहाल नहीं मिली है।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की कलाई पर पुराना चोट का निशान या नस काटने जैसा निशान देखा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों को जुटाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times