देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

32 गंभीर मामलों का आरोपी प्रवीण रजक चढ़ा पुलिस के हत्थे, चाकू सहित गिरफ्तार

 


जबलपुर। शहर में बमबाजी, रंगदारी, अवैध वसूली और दहशत फैलाने के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात बदमाश प्रवीण रजक को रांझी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत वारंट जारी किया गया था। पुलिस ने उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से एक धारदार चाकू भी बरामद किया है।

भाजपा नेत्री के घर बमबाजी के बाद था फरार

पुलिस के अनुसार, प्रवीण रजक भाजपा नेत्री संगीता बंटी रजक के घर पर हुई बमबाजी की घटना का मुख्य आरोपी है। इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

32 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज

रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि पुराना शोभापुर निवासी प्रवीण रजक के खिलाफ हत्या के प्रयास, बमबाजी, अवैध हथियार रखने, रंगदारी, अवैध वसूली और गैंग बनाकर दहशत फैलाने समेत 32 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वर्ष 2026 में ही उसके खिलाफ रांझी थाने में छह नए प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं।

वारदात के बाद बदल देता था ठिकाना

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी हर वारदात के बाद अपना ठिकाना बदल लेता था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह नागपुर, मैहर, उज्जैन सहित कई शहरों में छिपकर रह रहा था। पुलिस का आरोप है कि वह अपने गिरोह के साथ क्षेत्र में भय का माहौल बनाकर व्यापारियों और आम लोगों से रंगदारी व अवैध वसूली करता था।

NSA के तहत वारंट जारी होने के बाद गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की आपराधिक गतिविधियों का प्रतिवेदन तैयार कर जिला कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर न्यायालय ने आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत वारंट जारी किया। इसके बाद रांझी पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद धारदार चाकू जब्त कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क तथा अन्य सहयोगियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में अपराध और संगठित गुंडागर्दी पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times