जबलपुर। पनागर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को पिस्टल और चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर हथियार के स्रोत की भी जांच शुरू कर दी है।
पनागर थाना प्रभारी एवं उप पुलिस अधीक्षक विपिन बिहारी सिंह ने बताया कि पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि उर्दूआ खुर्द निवासी रमन पटेल अपने घर के पास अवैध पिस्टल लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस ने मौके पर मुखबिर के बताए हुलिए के व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम रमन पटेल (35 वर्ष) निवासी उर्दूआ खुर्द, थाना पनागर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह पिस्टल और कारतूस ग्राम बरबटी, वर्तमान निवासी नीमखेड़ा (बरेला) के जित्तू महोबिया से ₹35 हजार में खरीदे थे।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद हथियार और कारतूस जब्त कर उसके विरुद्ध धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। साथ ही हथियार बेचने वाले व्यक्ति की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई को सफल बनाने में उप निरीक्षक आकाश सिंह राजपूत, सहायक उप निरीक्षक मिथलेश त्रिपाठी एवं राहुल अहिरवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी पुलिस अधिकारियों ने सराहना की।
