देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

पत्नी के कत्ल के बाद फरार पति की संदिग्ध मौत, सिर मिलने से मचा सनसनी

 


इंदौर के चर्चित उर्मिला सैनी हत्याकांड में एक और बड़ा मोड़ सामने आया है। पत्नी की हत्या के बाद फरार चल रहे मुख्य आरोपी अखिलेश सैनी का पहले रेलवे ट्रैक पर सिरविहीन शव मिला था, अब उससे करीब छह किलोमीटर दूर एक खेत से मानव सिर बरामद हुआ है। पुलिस अब सिर और धड़ का डीएनए परीक्षण कराएगी, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद सिर उसी शव का है या नहीं।

छह किलोमीटर तक सघन तलाशी
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई को विदिशा जिले के गंजबासौदा-पवई रेलवे स्टेशन के बीच पोल नंबर 925 के पास रेलवे ट्रैक पर एक सिरविहीन शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को केवल धड़ मिला था। शव की जेब से मिले आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान अखिलेश सैनी के रूप में होने की संभावना जताई गई थी। अगले दिन उसके पिता सीताराम सैनी ने शव की पहचान अपने बेटे के रूप में की, जिसके बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

हालांकि शव का सिर नहीं मिलने से मामला और रहस्यमय हो गया। पुलिस ने रेलवे ट्रैक के आसपास करीब छह किलोमीटर तक सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद 24 जुलाई को महागौर गांव के पास रेलवे ट्रैक से लगभग 500 मीटर दूर एक खेत में ग्रामीणों ने मानव सिर पड़ा होने की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सिर बरामद किया।

डीएनए परीक्षण कराया जाएगा
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सिर काफी हद तक क्षतिग्रस्त हो चुका था और उस पर मांस नहीं था, इसलिए उसकी पहचान मौके पर संभव नहीं हो सकी। अब सिर और पहले मिले धड़ का डीएनए परीक्षण कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही अंतिम पुष्टि होगी कि दोनों एक ही व्यक्ति के हैं।
गौरतलब है कि अखिलेश सैनी अपनी पत्नी उर्मिला सैनी की हत्या के बाद से फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी और उस पर घोषित इनाम की राशि भी बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दी गई थी। इसी बीच उसका सिरविहीन शव मिलने से पूरा मामला और उलझ गया।

हत्याकांड की शुरुआत 11 जुलाई को हुई
इस हत्याकांड की शुरुआत 11 जुलाई को हुई थी, जब इंदौर में सरकारी आवास में रहने वाली 38 वर्षीय पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। स्कूल से लौटे दोनों बच्चों ने घर में मां का खून से लथपथ शव देखा था। अब माता-पिता दोनों के न रहने से मासूम बच्चों का भविष्य सबसे बड़ी चिंता बन गया है। वहीं पुलिस डीएनए रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर पूरे घटनाक्रम की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times