जबलपुर। नगर निगम के डॉ. ज़ाकिर हुसैन वार्ड क्रमांक-40 के नागरिकों को लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों की सौगात मिली। गोहलपुर स्थित अंसारी भवन के समीप आयोजित गरिमामय समारोह में पूर्व मंत्री एवं पूर्व क्षेत्र के विधायक लखन घनघौरिया ने 14 जनहितैषी विकास कार्यों की संगे बुनियाद रखी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक लखन घनघौरिया ने कहा कि मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में सड़क, नाली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के माध्यम से नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनका संकल्प है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी वार्ड के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं समाजसेवी कदीर सोनी, अंसारी समाज के सरदार अब्दुल हकीम बाबा, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा, पार्षद अख्तर अंसारी, पार्षद गुलाम हुसैन, पार्षद वकील अंसारी, पार्षद कलीम खान तथा कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष अशरफ मंसूरी सहित अनेक अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए विकास कार्यों को क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप बताया।
इस अवसर पर जिन प्रमुख विकास कार्यों की संगे बुनियाद रखी गई, उनमें रहमत तब्बाखू से लल्लू किराना तक सड़क निर्माण, छोटी मस्जिद के पीछे सड़क निर्माण, मरहूम अलीम मंसूरी के सामने सड़क एवं नाली निर्माण, अंसार नगर से हाजी नजीर अंसारी तक सड़क-नाली निर्माण, अंसार होटल से पानी वाली तलैया तक सड़क निर्माण, मोहम्मदी मस्जिद तक सड़क निर्माण, मुक्ताक कबाड़ी तलैया से महमूद मोअज्जिन तक सड़क निर्माण, समद होटल से जमील सेठ के मकान तक सड़क निर्माण, गाज़ी मस्जिद एवं नगीना मस्जिद मैदान में सार्वजनिक वाटर कूलर स्थापना, कांटा बीड़ी मैदान का सौंदर्यीकरण, हमज़ा नगर (दमामी मोहल्ला) में सड़क एवं नाली निर्माण, दारुल उलूम से काली चाय तक नाला निर्माण तथा मंडी मदार टेकरी कब्रिस्तान में टीन शेड निर्माण सहित कुल 14 विकास कार्य शामिल हैं।
वार्ड पार्षद मुकीमा याकूब अंसारी ने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद वार्डवासियों को आवागमन, जल निकासी, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं में बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने विधायक लखन घनघौरिया का वार्ड के विकास के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ कांग्रेस नेता याकूब अंसारी ने सभी अतिथियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं वार्ड वासी उपस्थित रहे.
